
नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) दिल्ली के विभिन्न व्यापार संगठनों सदस्यों एवं उद्यमियों ने गुरुवार को आगामी वित्त वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के समक्ष अपने सुझाव रखे।
श्रीमती गुप्ता ने ‘विकसित दिल्ली’ कार्यक्रम के तहत व्यापार तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम का संचालन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया। इस दौरान श्रीमती गुप्ता ने व्यापार जगत की चिंताओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनके सुझावों को बजट की निर्माण प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
श्री खंडेलवाल ने कहा, “दिल्ली के विकास में व्यापारियों की भूमिका अहम है और हमें खुशी है कि सरकार व्यापारियों की जरूरतों और चिंताओं को प्राथमिकता दे रही है। हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सही दिशा में विकास की ओर बढ़ रही है।”
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने व्यापारिक समुदाय और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की नींव रखी है और दिल्ली के समग्र विकास में व्यापार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया है।
