ग्वालियर: डबरा नगर की श्रीराम कॉलोनी, जिसे आमतौर पर “मेडिकल कॉलोनी” के नाम से जाना जाता है, से इस समय नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की असल तस्वीर सामने ला रही है। डॉ. के.के. ढींगरा, डॉ. डी.एस. ठाकुर, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. रामेश्वर गुप्ता और डॉ. डी.के. पाल जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सकों का निवास स्थान होने के बावजूद कॉलोनी की हालत बद से बदतर है।
सड़क के किनारे लगे कचरे के ढेरों और उड़ती बदबू के चलते राहगीरों को मुँह ढँक कर चलना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि डॉ. के.के. ढींगरा के निवास के ठीक सामने कचरे का अंबार लगा हुआ है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की “उत्कृष्टता” का आलम ऐसा है कि वे अब नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ का पुष्पहार से स्वागत करने की योजना बना रहे हैं, एक व्यंग्यात्मक विरोध के रूप में। इस “स्वागत समारोह” का आयोजन जल्द ही सार्वजनिक रूप से किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर, नगर में दिखावे की सफाई व्यवस्था भी चल रही है। दोपहर के समय दुकानों के सामने झाड़ू लगाकर यह दिखाने की कोशिश की जा रही है कि डबरा नगर पालिका स्वच्छता के लिए गंभीर है। लेकिन मेडिकल कॉलोनी की हालत असल में प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
