कराची, 01 मार्च (शिन्हुआ/वार्ता) पाकिस्तान के प्रमुख बंदरगाह शहर कराची में भारी सुरक्षा वाले अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर प्रदर्शनकारियों के धावा बोलने के बाद छह प्रदर्शनकारी मारे गये हैं और 12 घायल हो गये हैं।
स्थानीय आपातकालीन कर्मियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि इन प्रदर्शनकारियों की मौत कैसे हुई है।
कराची के पुलिस प्रवक्ता रेहान अली ने कहा, “सैकड़ों लोग अचानक अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास जमा हो गये। खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गयी।”
सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये कुछ वीडियो में सुनाई दे रही नारेबाजी से पता चलता है कि यह विरोध प्रदर्शन पड़ोसी देश ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों से प्रेरित था।
वीडियो में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा घेरा तोड़ते और लाठियों से वाणिज्य दूतावास की खिड़कियों को पीटते दिखाया गया है। इसके बाद खिड़कियों में आग की लपटें दिखाई देने लगी। एक वीडियो में गोलियों की आवाज भी सुनायी दे रही है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन प्रदर्शनकारियों की मौत कैसे हुई, लेकिन स्ट्रेचर पर पड़े खून से लथपथ शवों की तस्वीरें सामने आयी हैं।
कराची में अमेरिकी सरकार के कर्मियों की आवाजाही पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया था और वाणिज्य दूतावास ने शनिवार को ‘वर्तमान क्षेत्रीय तनाव’ का हवाला देते हुए एक बयान जारी किया था।
