
सारनी। तीसरे आरोपी की तलाश जारी बैतूल जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सारनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4.783 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सारनी के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने यह प्रभावी कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई बगडोना हवाई पट्टी के पास की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर बबलू धुर्वे को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.908 किलो गांजा बरामद किया गया, जबकि उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई राखड़ डेम पार्किंग क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने शेख फरीद को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.875 किलो गांजा जप्त किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सारनी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।फरार आरोपी सरवन परते की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बैतूल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
