सुभद्रा योजना ओडिशा में महिला सशक्तिकरण के प्रतीक के तौर पर बनकर उभरी : प्रधान

भुवनेश्वर 06 मार्च (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कहा कि ओडिशा सरकार द्वारा लागू की गई सुभद्रा योजना ने माताओं और बहनों का मनोबल बढ़ाया है और महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा प्रतीक बनकर उभरी है।

श्री प्रधान ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं और बहनों को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई सुभद्रा योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या राज्य में एक करोड़ से अधिक हो गई है।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओडिशा में लागू की गई इस योजना के लाभार्थियों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है।

उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली इस पहल के सफल कार्यान्वयन के लिए प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा का आभार व्यक्त किया।

श्री प्रधान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुभद्रा योजना को प्रधानमंत्री की युगान्तकारी योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए घोषणा की कि योजना के प्रथम किस्त के पांचवें चरण में 2.30 लाख से अधिक माताओं और बहनों को 115 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस पहल के तहत एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की है। योजना के तहत पात्र माताओं को अगले पांच वर्षों में प्रति वर्ष 10,000 रुपये की दो किस्तों में 50,000 रुपये मिलेंगे।

Next Post

सिन्हा ने माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की

Thu Mar 6 , 2025
जम्मू 06 मार्च (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को यहां राजभवन में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) की 74वीं बैठक की अध्यक्षता की। श्री सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में अपने पिछले निर्णयों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक के बाद की […]

You May Like