जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर नयागांव के साई नगर व्यू प्वाइंट पर घूमने आए एक बीटेक छात्र को चार बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने छात्र की गर्दन पर चाकू अड़ाकर उसका मोबाइल और गले से चांदी की चेन लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मदनमहल स्टेशन रोड निवासी 19 वर्षीय आयुष नेमा ग्लोबल कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। वह अपने साथी तनिष्क सिंह ठाकुर और साहिल श्रीवास के साथ साई नगर व्यू प्वाइंट नयागांव घूमने गया था। तीनों दोस्त व्यू प्वाइंट के पास खड़े होकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे, तभी यह वारदात हो गई। वे तीनों बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक वहां चार लड़के आए। उनमें से एक लड़के ने पहचान छुपाने के लिए मुंह पर सफेद गमछा बांध रखा था।
आते ही गमछा बांधे युवक ने आयुष की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया, जबकि उसके दूसरे साथी ने आयुष को कसकर पकड़ लिया। बदमाशों ने आयुष के पास मौजूद सैमसंग कंपनी का कीमती मोबाइल और गले में पहनी चांदी की चेन जबरन छीन ली। इस दौरान बाकी के दो बदमाशों ने आयुष के दोस्तों तनिष्क और साहिल को भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे दोनों किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी पीड़ित छात्र को वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने छात्र आयुष की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
