ग्वालियर। ग्वालियर थाना क्षेत्र में किराएदार की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप मकान मालिक के बेटे पर है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग को मोबाइल फोन देकर उससे बातचीत करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे धमकाया और छेड़छाड़ की। पुलिस ने पीड़िता के माता-पिता की शिकायत और नाबालिग के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का परिवार आरोपी के मकान में किराए से रहता है। नाबालिग के पिता ने आवेदन देकर बताया कि मकान मालिक का बेटा उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को मोबाइल फोन दिया और उससे लगातार बातचीत करने के लिए दबाव बनाने लगा।
नाबालिग के माता-पिता ने ग्वालियर थाने में जाकर आवेदन दिया। पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
