चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव में शांतिपूर्ण चल रहा है मतदान

नयी दिल्ली, 19 जून (वार्ता) देश के चार राज्यों गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात विधानसभा की दो तथा केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया था और शाम सात बजे तक जारी रहेगा। अभी तक मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की रिपोर्ट नहीं मिली है।

आयोग के अनुसार गुजरात की विसावादार सीट पर शुरुआती चार घंटों में 28.15 प्रतिशत और कडी सीट पर 23.85 प्रतिशत मतदान हुआ। केरल की निलाम्बूर सीट पर 30.15 प्रतिशत, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 21.15 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 30.64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

गुजरात विधानसभा चुनाव के समय विसावादार सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिली थी। विधायक के पाला बदलने तथा इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। भारतीय जनता पार्टी ने उपचुनाव में इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए इस बार पूरी ताकत झोंकी हुई है। कडी सीट भाजपा विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली थी। पार्टी ने इस सीट पर राजेंद्र चावड़ा को उतारा है, जबकि कांग्रेस ने रमेश चावड़ा और आम आदमी पार्टी (आप) ने जगदीश चावड़ा को मैदान में उतारा है।

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस, मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अलीफा अहमद, भाजपा के आशीष घोष और कांग्रेस के उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कालीगंज विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व अलीफा के पिता ने एक दशक तक किया था। इस साल की शुरुआत में तृणमूल कांग्रेस के मौजूदा विधायक नसीरुद्दीन अहमद की मृत्यु के कारण यह सीट रिक्त पड़ी थी।

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन से रिक्त हुयी थी। इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने उद्योगपति और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने जीवन गुप्ता और कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को चुनाव मैदान में उतारा है।

केरल की निलम्बूर विधानसभा सीट पर 10 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिनमें यूडीएफ, एलडीएफ, भारतीय जनता पार्टी और एसडीपीआई के उम्मीदवार शामिल हैं। इस सीट पर पिछले चुनाव में निर्दलीय पी.वी. अनवर चुनाव जीते थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने पर उन्होंन इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। वह अब उपचुनाव में तृणमूल के उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं।

Next Post

भारतीय संविधान की 75 वर्षों की यात्रा महत्वपूर्ण सफलताओं की कहानी: गवई

Thu Jun 19 , 2025
नयी दिल्ली, 19 जून (वार्ता) उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई ने भारतीय संविधान के पिछले 75 वर्षों की यात्रा को महान महत्वाकांक्षा और महत्वपूर्ण सफलताओं की कहानी करार देते हुए कहा कि सामाजिक-आर्थिक न्याय प्रदान करने में इस अवधि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने इटली के प्रमुख […]

You May Like