वाशिंगटन, 02 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बहरीन में 12 देशों के एक सुरक्षा संवाद का नेतृत्व किया जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय रक्षा सहयोग को मजबूत करना और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के महत्वपूर्ण मार्ग हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित बनाना है। बहरीन डिफेंस फोर्स की मेजबानी में हुई इस बैठक में अमेरिका ,बहरीन, मिस्र, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और यमन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल हुए। सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर के नेतृत्व में हुई इस बातचीत में क्षेत्रीय सुरक्षा के माहौल, हवाई और मिसाइल रक्षा तालमेल और हॉर्मुज से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों के रास्तों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
चर्चा के बाद एडमिरल कूपर ने कहा, “यह बैठक क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।” उन्होंने कहा कि उभरते खतरों से निपटने के लिए सभी भागीदार देश ‘कंधे से कंधा मिलाकर’ खड़े हैं। सेंटकॉम ने बताया कि यह पहला मौका है जब सीरिया और लेबनान के सैन्य नेताओं ने अमेरिका के नेतृत्व वाले किसी क्षेत्रीय रक्षा सम्मेलन में भाग लिया है। सेंटकॉम ने इसे बहुपक्षीय संवाद के एक बड़े और महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में देखा है।
बैठक में अधिकारियों ने मौजूदा तालमेल व्यवस्था की समीक्षा की। इसमें क्षेत्रीय हवाई और मिसाइल रक्षा तंत्र के साथ मिलकर काम करने वाली व्यवस्था भी शामिल है। इसके साथ ही, खतरों की पहचान और प्रतिक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सेंटकॉम की अगुवाई में बनाए गए ‘सूचना साझा करने वाले केंद्र’ पर भी चर्चा हुई। दूसरी ओर, कतर ने बताया है कि कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों ने दोहा में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों से अलग-अलग बातचीत की। उन्होंने बताया कि समझौता ज्ञापन (एमओयू) के ढांचे पर सकारात्मक प्रगति हुई है।इसके साथ ही ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बातचीत जारी रखने पर भी सहमति बनी है।

