
धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में निसरपुर और कुक्षी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने निर्माणाधीन क्रूज टर्मिनल से लोहे की प्लेटें तथा किसानों की मोटरों से तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कबाड़ी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नर्मदा नदी किनारे खारवा नाला, करोंदिया, आमला बावड़ी और पुराना कोठड़ा क्षेत्र में किसानों के खेतों और कुओं से मोटर पंप काटकर तांबे के तार चोरी किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जून माह में कुक्षी थाने में इस संबंध में कई प्रकरण दर्ज किए गए थे। इसके अलावा मेघनाथ घाट स्थित निर्माणाधीन क्रूज टर्मिनल से एमएस प्लेटें चोरी होने की घटना भी सामने आई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चंदनखेड़ी निवासी पंकज अनारे, शैलेन्द्र रामसिंह और आयुष बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का माल ग्राम कोणदा निवासी कबाड़ी जगदीश भूरिया अलोने को बेचा जाता था, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से क्रूज टर्मिनल से चोरी हुई 176 एमएस प्लेटें, जिनकी कीमत लगभग 88 हजार रुपये है, किसानों की मोटरों से निकाला गया 97 किलोग्राम तांबा, जिसकी कीमत लगभग एक लाख 74 हजार 600 रुपये आंकी गई है, तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
