नशा मुक्ति केंद्र में बैंक अधिकारी की संदिग्ध मौत

– परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

ग्वालियर । पंजाब नेशनल बैंक के फील्ड ऑफिसर की मिनी गोल्डन संस्कार नशामुक्ति केन्द्र में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि एक दिन पहले पंकज नशामुक्ति केन्द्र में मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर वहां से भाग आया था। वह पूरी तरह स्वस्थ्य था, लेकिन मंगलवार की रात को नशामुक्ति केंद्र वाले उसे बड़ागांव खुरैरी के पास से पकड़कर वापस ले गए थे। रातभर उसके हाथ-पैर बांधकर उसे पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। नशामुक्ति केंद्र के कारिंदों ने बुधवार की सुबह 5 बजे परिजन को सूचना दी कि उनके बेटे पंकज की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। परिजन जब ट्रॉमा सेंटर पहुंचे तो उन्हें स्ट्रेचर पर पंकज की लाश पड़ी मिली थी। घटना के बाद से ही नशामुक्ति केंद्र के संचालक फरार हैं। मृतक के परिजनों ने पंकज का शव देखकर हंगामा कर दिया और उनकी मांग थी कि नशामुक्ति केन्द्र के कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाये। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उपनगर मुरार त्यागी नगर निवासी पंकज पुत्र अशोक शर्मा उम्र 33 की मिनी गोल्डन संस्कार नशामुक्ति केन्द्र में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पंकज पंजाब नेशनल बैंक की क्रेडिट शाखा में फील्ड ऑफिसर था। उसे कुछ समय से बुरी तरह से सूखे नशे (स्मैक-गांजा) की लत लग गई थी। नशे की लत जब हद से ज्यादा हो गई तो परिवार वालों ने 25 जुलाई को पंकज को महाराजपुरा में शनिचरा रोड स्थित मिनी गोल्डन संस्कार नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। मंगलवार की सुबह पंकज समेत 7 से 8 नशेडी युवक नशा मुक्ति केंद्र से भाग गए। पंकज अपने घर आया तो पूरी तरह से स्वस्थ था, लेकिन परिजन ने उसकी लत को देखते हुए नशा मुक्ति केंद्र को सूचना दे दी। केंद्र वाले पंकज के घर पहुंचे और बड़ागांव खुरैरी के पास से पंकज को पकड़कर वापस नशामुक्ति केन्द्र ले गये और बुधवार की सुबह नशामुक्ति केन्द्र के कारिंदों ने उसके अस्पताल में होने की सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पंकज का शव स्ट्रेचर पर पड़ा हुआ था तो उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया। पंकज के मामा केडी शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह पंकज के परिजन को नशामुक्ति केंद्र के संचालक विशाल कांकर और हर्ष शिंदे ने फोन किया और बताया कि पंकज की तबीयत बिगड़ गई है। उसे लेकर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंच रहे हैं, आप लोग भी पहुंचो। जब पंकज के परिजन पहुंचे तो वहां पर ट्रॉमा सेंटर में स्ट्रेचर पर पंकज मृत अवस्था में पड़ा था। डॉक्टर ने यह भी बताया कि यह यहां पर मृत अवस्था में ही लाया गया है। पंकज के मामा ने बताया कि पंकज के शव को देखा, तो जगह-जगह गंभीर चोट के निशान थे। उनका कहना था कि 24 घंटे पहले पंकज पूरी तरह से स्वस्थ था। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक विशाल कांकर, हर्ष शिंदे पर बांधकर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। इनके खिलाफ एफआईआर और केंद्र को बंद करने की मांग की। पंकज शर्मा के बारे में बताया गया है कि उसकी शादी मुरार निवासी अनुकृति कटारे से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। मौत से एक दिन पहले वह भागकर अपने घर आया था। वह बेटी और पत्नी से ही मिलने के लिए आया था। पत्नी को नहीं पता था कि यह आखिरी मुलाकात है। इस मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव का कहना है कि एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। शरीर पर चोट नजर आ रही है। परिजन ने नशामुक्ति केंद्र के लोगों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

भारत विकसित समृद्धशाली बनकर उभरा

Wed Aug 13 , 2025
रायसेन।केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को शाम विशाल तिरंगा यात्रा लेकर रायसेन जिला मुख्यालय पहुंचे।उनकी तिरंगा यात्रा को सलामतपुर त्रिमूर्ति तिराहे से वाहनों के काफिले को रायसेन के इंडियन चौराहे तक आने में करीब सवा घण्टे का समय लगा।उनका स्वागत तिराहे से लेकर मेढकी […]

You May Like