शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स 485 अंक चढ़ा

मुंबई, 09 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते और विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 485.35 अंक (0.58 प्रतिशत) की बढ़त में 84,065.75 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 173.60 अंक यानी 0.68 प्रतिशत ऊपर 25,867.30 अंक पर बंद हुआ। अमेरिका और भारत के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर दोनों देशों की ओर से 07 फरवरी को जारी साझा वक्तव्य में इसकी मुख्य बातों का खुलासा किया गया था। इससे आज निवेश धारणा को मजबूती मिली और बाजार में तेजी रही। बाजार में आज चौतरफा लिवाली रही। मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.33 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.64 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। सार्वजनिक बैंक, वित्त, मीडिया, धातु, फार्मा, रियलटी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांकों में ज्यादा तेज रही। सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक का शेयर सात प्रतिशत से अधिक उछला। टाइटन, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक सीमेंट में ढाई से तीन प्रतिशत के बीच बढ़त रही। इटरनल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, इंडिगो और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेेयर एक से दो प्रतिशत की बीच चढ़े। एलएंडटी, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
पावर ग्रिड और आईटीसी में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए।

Next Post

कर्नाटक सरकार आरसीबी को पूरा सपोर्ट करती है : वेंकटेश प्रसाद

Mon Feb 9 , 2026
बेंगलुरु, 09 फरवरी (वार्ता) कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने सोमवार को होम मिनिस्टर जी परमेश्वर के साथ मीटिंग के बाद कन्फर्म किया कि कर्नाटक सरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और राज्य में आईपीएल तथा इंटरनेशनल मैचों की होस्टिंग के लिए पूरे सपोर्ट पर है। यहां […]

You May Like