नयी दिल्ली,08 मई (वार्ता) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” एक संदेश है कि देश की तरफ किसी को आंख उठाकर देखने नहीं दिया जाएगा।
श्री चौहान ने आज यहां ‘कृषि खरीफ अभियान 2025’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा,“ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा संकल्प है कि आतंकवाद का जड़ से खात्मा करके ही चैन की सांस लेंगे।”
उन्होंने कहा, “भारत के सारी दुनिया उसका परिवार है। हम सबका कल्याण चाहते हैं, हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि कोई हमें छेड़े तो उसे छोड़ते भी नहीं हैं।”
सम्मेलन में 10 से ज्यादा राज्यों के कृषि मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत अद्भुत देश है। एक साथ कई मोर्चों पर काम चल रहा है। कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी कार्य चल रहा है। भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में पांचवें पायदान से ऊपर उठकर अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों के विनाश का महाभियान भी चालू है, जिन्होंने हमारी बेटियों की मांग से सिंदूर पोछा था, ऐसे आतंकवादियों और उनके सरगनाओं के अड्डों को तबाह कर दिया गया है।”
उन्होंने कहा,“ हमें गर्व है अपनी सेना पर, सेना के शौर्य पर, हमारे जवानों पर और ऑपरेशन में लगे हुए सारे साथियों पर।‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक संदेश है कि भारत की तरफ किसी को आंख उठाकर देखने नहीं दिया जाएगा। जरुरत पड़ी तो रक्त की अंतिम बूंद तक देश के मान, सम्मान और शान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।”
