नीमच: जिले के रामपुरा कस्बे के समीप स्थित खिमला प्रोजेक्ट ग्रिंको प्लांट में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान करीब 100 फीट की ऊंचाई से मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक गिर गई। हादसे में 9 मजदूरों के घायल होने की सूचना है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के लिए प्लांट के निजी चिकित्सकों द्वारा प्रयास किए गए। इसके बाद तीन एंबुलेंसों के माध्यम से घायलों को अलग-अलग बैच में जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में कमी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
