
जबलपुर। नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड औरक्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वच्छता एवं जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शुक्रवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर संभाग क्रमांक 11 के अंतर्गत आने वाले छुई खदान क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के समीपवर्ती क्षेत्रों में आधुनिक मशीनीकृत उपकरणों और कुशल सफाई मित्रों की संयुक्त टीम द्वारा कचरा हटाने और गहरी सफाई का कार्य किया जा रहा है। निगम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को ’कचरा मुक्त’ बनाना है। आगामी समय में छुई खदान और उसके आस-पास के क्षेत्रों में कोई भी नया कचरा पॉइंट निर्मित न हो, इसके लिए विशेष निगरानी तंत्र स्थापित किया गया है। कचरे के निष्पादन के साथ-साथ, डस्टबिन की उपलब्धता और कचरा संग्रहण वाहनों की फ्रीक्वेंसी को बढ़ाया गया है ताकि भविष्य में सड़कों पर कचरा जमा न हो सके।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से अपील कर अनुरोध किया है कि वे इस अभियान में सहभागी बनें और कचरा केवल निर्धारित स्थानों या कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें। इस अवसर पर उपायुक्त संभव अयाची के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
