
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नजूल पट्टा नवीनीकरण और लंबित राजस्व वसूली को लेकर सभी एसडीएम की बैठक ली। बैठक में उन्होंने नजूल पट्टों के नवीनीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने शहर में संचालित दुकानों, होटल, बारातघर, विद्यालय सहित बड़े प्रतिष्ठानों से तत्काल राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्च माह के भीतर लंबित राजस्व की वसूली हर हाल में पूरी की जाए, अन्यथा संबंधित बकायादारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर नोटिस जारी करते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जिले में क्लस्टर डेवलपमेंट की संभावनाओं पर चर्चा
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सूक्ष्म एवं लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम (एमएसई-सीडीपी) के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में फूड प्रोसेसिंग, ओडीओपी और डिफेंस एंसिलरी सेक्टर में क्लस्टर विकास की संभावनाओं पर विचार किया गया। बैठक में एमएसएमई मंत्रालय के डिप्टी इकोनॉमिक एडवाइजर डॉ. आर.पी. सिंह और लक्ष्मी मित्तल ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट राजेंद्र तोंडपुरकर ने योजना की जानकारी दी। इस दौरान एमपीआईडीसी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा अन्य विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
