ग्वालियर: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स मीट 2024-25 का समापन समारोह आयोजित हुआ। इस दो दिवसीय खेल आयोजनों में चिकित्सा पेशे से जुड़े लोगों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आईएमए स्पोर्ट्स मीट में क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसे कई खेलों का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉक्टरों और उनके परिवारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मीट का उद्देश्य डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों के बीच टीम वर्क और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
आईएमए अध्यक्ष डॉ.बृजेश सिंघल और सचिव डॉ.स्नेहलता दुबे ने बताया कि पुरुष में पहला सेमिफाइनल आरजे अपोलो और लिंक के बीच खेला गया, इसमें लिंक की टीम विजेता रही। दूसरा मैच सिम्स और बिरला के बीच हुआ, इसमें सिम्स विजयी रहा। इधर, महिलाओं में पहला सेमिफाइनल मैच रामदास और ऑप्टीमस की टीम के साथ हुआ। इसमें ऑप्टीमस विजयी रही। इसके बाद दूसरा मैच किलकारी और जोश टीम के बीच हुआ।
इसमें किलकारी विजयी रहा। महिलाओं में फाइनल मैच किलकारी और ऑप्टीमस के बीच खेला गया। इसमें ऑप्टीमस की टीम ने फाइनल का खिताब जीता। क्रिकेट के साथ ही अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं। इसमें डॉक्टरों और उनके परिवारों ने भी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया। इस मौके पर विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार वितरण कर उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ.राहुल सप्रा, डॉ.प्रशांत लहारिया सहित जेएएच के पूर्व अधीक्षक डॉ.अशोक मिश्रा सहित अन्य डॉक्टर्स व उनके परिवारजन भी मौजूद रहे।
