सिंगरौली : नवानगर पुलिस ने मुखबिर के सूचना पर दसौती से 20.49 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है।नवानगर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठीने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दसौती निवासी अम्ब्रेश विश्वकर्मा अवैध रूप से हिरोईन की बिक्री करने के लिए निगाही एनसीएल कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास बैठा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल टीम गठित की गई और मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई। रेड कार्यवाही के दौरान शिव मंदिर के पास एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगाए जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछतंाछ में उसने अपना नाम अम्ब्रेश विश्वकर्मा पिता स्व. भोला विश्वकर्मा उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम दसौती थाना नवानगर बताया। मुखबिर की सूचना से अवगत कराते हुए विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के लोवर पैंट की दाहिनी जेब से एक प्लास्टिक की पन्नी में लपेटा हुआ हिरोईन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पंचनामा तैयार कर मादक पदार्थ की पहचान अनुभवी पुलिस स्टाफ व गवाहों के आधार पर की गई। बरामद स्मैक का कुल वजन 20.49 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने स्मैक को सीलबंद कर जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
