निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी, जोगनी पुल के पास पलटा कोयले से लोड हाईवा

सिंगरौली/देवसर निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात करीब 11 बजे देवसर क्षेत्र के जोगनी पुल के पास कोयले से लोड एक भारी वाहन हाईवा क्रमांक MP66 H2711 अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त हाईवा में चालक के साथ उसकी पत्नी और बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि चालक सहित सभी लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि बताया जा रहा है कि चालक के परिजनों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना ने एक बार फिर निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा के इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद दुर्घटना संभावित स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो पाना गंभीर चिंता का विषय है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था जैसे आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जोगनी पुल सहित निर्माणाधीन मार्ग के संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। लोगों ने संबंधित विभाग, निर्माण एजेंसी और शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थानों पर मानक के अनुरूप बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड, रेडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को रात के अंधेरे में सड़क की वास्तविक स्थिति का समय रहते पता चल सके।

आखिर कब थमेगा हादसों का सिलसिला? यह सवाल अब देवसर क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बनता जा रहा है। क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? समय रहते सुरक्षा मानकों को लागू कर दिया जाए तो कई अनमोल जिंदगियों को जोखिम में पड़ने से बचाया जा सकता है।

Next Post

बेलगांव के सरपंच का बताकर वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

Sun Nov 8 , 2026
सिंगरौली। बेलगांव का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर झाड़ू के पास बेसुध हालत में लेटा दिखाई दे रहा है। वीडियो को गांव के सरपंच से जोड़कर फिल्मी अंदाज में तंज कसा जा रहा है। इसे लेकर पंचायत […]

You May Like