बॉर्डर-2 ने चार दिनों में 239 करोड़ रुपये की कमाई की

नयी दिल्ली, 27 जनवरी (वार्ता) सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए चार दिनों में कुल 239 करोड़ रुपये की कमाई की है। उद्योगजगत के आँकड़ों का विश्लेषण करने वाली वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म ने सोमवार को 59 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिससे भारत में चार दिनों में इसकी कुल कमाई 212.4 करोड़ हो गयी। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार, 23 जनवरी को भारत में रिलीज हुई थी। इसने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये के साथ अपनी यात्रा शुरू की, जिसके बाद शनिवार को 36.5 करोड़ रुपये और रविवार को 54.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। सोमवार को इसने 59 करोड़ रुपये की कमाई की, जो अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-डे और गणतंत्र दिवस की बॉक्स ऑफिस कमाई में से एक है।

फिल्म ने सिनेमाघरों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और हिंदी पट्टी में कुल 64.27 प्रतिशत ‘ऑक्यूपेंसी’ हासिल की, जिसमें मॉर्निंग शो के लिए 40.39 प्रतिशत और इवनिंग शो के लिए रिकॉर्ड 79.90 प्रतिशत दर्शक शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई 27 करोड़ रुपये की कमाई को मिलाकर फिल्म की कुल वैश्विक कमाई 239.2 करोड़ रुपये हो गयी है। हालांकि ‘बॉर्डर 2’ ने उल्लेखनीय शुरुआत की है, लेकिन यह अभी भी सनी देओल की ही फिल्म ‘गदर 2’ से पीछे है, जिसने 2023 में अपने पहले सप्ताह में 285 करोड़ रुपये बटोरे थे। इसी तरह शाहरुख खान की ‘पठान’ द्वारा गणतंत्र दिवस पर बनाया गया 70.50 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भी अब तक अटूट है। फिर भी फिल्म को मिल रही सकारात्मक चर्चा और दर्शकों के बीच ‘रिकॉल वैल्यू’ की वजह से बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार बनी हुई है।

Next Post

'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा किया पार,नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

Tue Jan 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 जनवरी (वार्ता) रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करने के बाद 30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर डिजिटल रूप से रिलीज होने के लिए तैयार है। पांच दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर केवल 53 दिनों में कथित रूप […]

You May Like