
सीधी । पुलिस मुख्यालय भोपाल की महत्वाकांक्षी योजना युवा सृजन संवाद के तहत 5 अगस्त को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 सीधी में जिला स्तरीय प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग तथा संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी द्वारा किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री कोरी ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली आधारशिला है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, कानून की जानकारी और सकारात्मक सोच मिले तो वे समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध ही एक सुरक्षित और संवेदनशील समाज का निर्माण करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने बेझिझक सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। योजना की पृष्ठभूमि और आगामी योजनाएं, युवा सृजन संवाद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, न्याय तक पहुँच की समझ और सुरक्षा का भाव पैदा करना है। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थी अपने नजदीकी पुलिस थानों का साथ में भ्रमण करेंगे और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुजीत कड़वे, एक्सीलेंस स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं जिला पुलिस बल के अन्य अधिकारी/कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
००
विद्याथियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
कार्यक्रम के दौरान टीओटी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सहभागितापरक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। जिसमें विधिक साक्षरता एवं सुरक्षा में साइबर अपराधों से बचाव, सडक़ सुरक्षा नियम, पॉक्सो एक्ट किशोर न्याय अधिनियम और बाल विवाह प्रतिषेध कानून। व्यक्तित्व एवं जीवन कौशल में आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
००००००००००००
