गेहूं उपार्जन में अव्यवस्थाओं और समस्याओं को लेकर विरोध 

जबलपुर। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं उपार्जन व्यवस्था में अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं के विरोध में शुक्रवार को भारतीय किसान संघ, जबलपुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामदास पटैल ने बताया कि सैटेलाइट पंजीयन सत्यापन में देरी के कारण छोटे किसानों की स्लॉट बुकिंग प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है, जबकि बड़े और मंझोले किसानों की खरीदी अभी तक शुरू नहीं हुई है। संघ ने मांग की कि 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों की गेहूं खरीदी तत्काल प्रारंभ की जाए और उपार्जन का विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 5 दिनों के भीतर सरकार और प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

तुलाई की क्षमता 3000 क्विंटल बढ़ाई जाए

संघ ने यह भी मांग रखी कि प्रतिदिन खरीदी केंद्रों पर तुलाई की क्षमता 3000 क्विंटल बढ़ाई जाए, स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 20 मई तथा खरीदी की अंतिम तिथि 31 मई की जाए। कुंडम तहसील के किसानों ने तिलसानी में नया खरीदी केंद्र खोलने की मांग रखी। जिला सह मंत्री एवं पाटन के उन्नत किसान सुनील पटैल ने कहा कि सरकार को अपने “एक-एक दाना खरीदने” के वादे को पूरा करना चाहिए। उन्होंने सभी पंजीकृत किसानों से चना और गेहूं की संपूर्ण खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष रामदास पटैल, जिला सह मंत्री सुनील पटैल, महानगर अध्यक्ष राजकुमार पटैल, पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटैल, शहपुरा तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, जिला कोषाध्यक्ष प्रेमचंद कुर्मी, जिला प्रचार प्रमुख भरत पटैल, सुजीत पटैल, विनय पटैल, निषांत पटैल, सुखविंदर सिंह, मनोज पटैल, सुनील पटैल, सरपंच घनश्याम सिंह, देवीदीन सेन, अजय पटैल सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Next Post

कलेक्टर ने मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना

Fri Apr 24 , 2026
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सेठ गोविंददास विक्टोरिया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर संबंधित चिकित्सकों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली और उपचाराधीन मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं […]

You May Like