पंजाब के आईआईटी रोपड़ में 3 नवंबर को INNOpreneur 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय नवप्रवर्तक, समस्या का समाधान करने वाले और रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप टेक, आधुनिक विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, स्वच्छ ऊर्जा और जल प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में नए अवसरों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में स्वदेशी तकनीक और नवाचार की अहम भूमिका होगी।
आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा ने उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग बढ़ाने तथा अनुसंधान को व्यावहारिक तकनीक और सफल कारोबार में बदलने की जरूरत बताई।
संस्थान के अनुसार, अब तक 600 से अधिक स्टार्टअप्स को इनक्यूबेट किया जा चुका है। इन्हें 21 करोड़ रुपये से अधिक की आंतरिक वित्तीय सहायता मिली है, जबकि स्टार्टअप्स ने 404 करोड़ रुपये से अधिक का बाहरी निवेश जुटाया है। इनके संयुक्त पोर्टफोलियो का मूल्यांकन 3 हजार 70 करोड़ रुपये से अधिक है।
कार्यक्रम में स्टार्टअप प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहां उद्यमियों ने अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके जरिए स्टार्टअप्स को निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर मिला।
