नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को विदेशी मेहमानों और राष्ट्रध्यक्षों के मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुये उनसे झूठ नहीं बोलने को कहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुये लिखा, ” इतना झूठ मत बोलिये क्योंकि पिछले एक-डेढ़ साल में आपने कम से कम पांच विदेशी मेहमानों/राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात की है।”
श्री बलूनी ने एक्स हैंडल पर अपने एक पोस्ट में लिखा, राहुल गाँधी जी, इतना सफ़ेद झूठ तो मत बोलिए। आपने पिछले एक-डेढ़ साल में ही आपने कम से कम पांच विदेशी मेहमानों/राष्ट्राध्यक्षों से मुलाक़ात की है।
श्री बलूनी ने एक्स पोस्ट पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी के साथ विदेशी मेहमानों की फोटो को साझा करते हुये लिखा कि यह तस्वीरें झूठी तो नहीं हो सकती। उन्होंने क्रमवार लिखा 10 जून, 2024 को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, 21 अगस्त, 2024 को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, 16 सितंबर, 2025 को मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, 8 मार्च, 2025 को न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, नेता विपक्ष ने 1 अगस्त 2024 को वियतनाम के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की।
श्री बलूनी ने कहा कि इन तथ्यों से साफ पता चलता है राहुल गांधी केवल और केवल झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता श्री गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो हमेशा भारत, भारत के लोकतंत्र और भारत के संविधान को बदनाम ही करते हैं।
