
भोपाल। जहांगीराबाद इलाके में एक 22 वर्षीय महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का मामला सामने आया है. स्कूल के समय पीड़िता के साथ पढ़ाई करने वाले आरोपी युवक ने ही शर्मनाक करतूत की. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है.
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पहले पति से उसका एक तीन साल का बच्चा है. बाणगंगा स्थित मकान में बच्चा अपने दादा-दादी के पास ही रहता है. पीड़िता बीच-बीच में अपने बच्चे से मिलने के लिए जाती है. सोमवार को भी वह अपने बेटे से मिलने गई और देर रात को वापस जहांगीराबाद पैदल लौट रही थी. इस दौरान पीड़िता के स्कूल में साथ पढ़ने वाला युवक आदिल मिला. आदिल ने पीड़िता को उसके घर तक बाइक से छोड़ने की बात करते हुए बैठाया.
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आदिल उसे बहाने से एक पार्क के पास ले गया, जहां उसने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया. आदिल इसके बाद पीड़िता को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया. आरोपी की हरकतों से डरी सहमी पीडिता अपने घर पहुंची और पति को पूरी घटना की जानकारी दी. पीड़िता का पति उसे साथ में लेकर जहांगीराबाद पुलिस थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी के घर पर दाबिश दी पर वह मौके पर नहीं मिला. आरोपी आदिल की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जा सकती है.
