नशे में ड्राइविंग ने ली दो किशोरों की जान, बुलेरो चालक गिरफ्तार

सीहोर। शहर में एक बार फिर ड्रंक एंड ड्राइव की लापरवाही ने दो मासूम जिंदगियां छीन लीं. कोतवाली थाना क्षेत्र में मोतीबाबा मंदिर के पास मेन रोड पर तेज रफ्तार पिकअप ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें चार युवक घायल हो गए. इलाज के दौरान दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो का उपचार जारी है. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है.

पुलिस के अनुसार शनिवार रात लगभग 11 बजे मोतीबाबा मंदिर के पास यह सड़क हादसा हुआ. मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक जा रहे थे, तभी बुलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 37-जी-1073 के चालक सुनील पिता रंजीत सिंह ठाकुर (48) निवासी हनुमान फाटक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायल युवकों की पहचान 16 वर्षीय अमित चौहान, 12 वर्षीय विवेक चौहान, 18 वर्षीय धीरज चौहान और 18 वर्षीय विक्रम चौहान निवासी लुनिया मोहल्ला, के रूप में हुई. सभी को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अमित चौहान को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल विवेक चौहान को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया, जहां हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल और ब्लड सैंपल लिया. जांच में शराब के नशे में वाहन चलाने की आशंका के चलते उसके खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव की धारा भी जोड़ी गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125ए, 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला कायम किया. साथ ही साक्ष्यों के आधार पर गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस भी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने आरोपी चालक सुनील ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है और रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

परिजनों ने किया चक्काजाम का नाकाम प्रयास

मृत किशोरों की रविवार को अंतिम यात्रा निकाली जा रही थी. तब स्थानीय लोगों व परिजनों ने शवों को लुनिया चौराहे पर रखकर चक्काजाम करने का प्रयास किया, लेकिन तभी थाना प्रभारी रविन्द्र यादव वहां पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ की गई सभी कार्रवाईयों से अवगत कराया. इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र वर्मा ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की जिस पर थाना प्रभारी ने आश्वस्त कराया कि वह कलेक्टर से जाकर मिलें शासन स्तर पर अवश्य सहायता मिलेगी. तब परिजन माने और शव लेकर चले गए.

 

Next Post

रंगपंचमी पर उमंग, उत्साह और गुलाल से सराबोर रहा शहर

Mon Mar 9 , 2026
सीहोर। होली पर्व का अंतिम दिन रंगपंचमी शहर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में होली उत्सव समितियों और मंदिर समितियों द्वारा रंगपंचमी पर आयोजन किए गए. रंगपर्व के अंतिम दिन लोगों ने जमकर होली का आनंद लिया. इस दौरान घरों की महिलाएं और […]

You May Like