रंगपंचमी पर उमंग, उत्साह और गुलाल से सराबोर रहा शहर

सीहोर। होली पर्व का अंतिम दिन रंगपंचमी शहर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में होली उत्सव समितियों और मंदिर समितियों द्वारा रंगपंचमी पर आयोजन किए गए. रंगपर्व के अंतिम दिन लोगों ने जमकर होली का आनंद लिया. इस दौरान घरों की महिलाएं और बच्चे भी पीछे नहीं रहे और सभी ने उत्साह के साथ रंगों का पर्व मनाया.

रंगपंचमी पर सुबह से ही गली-मोहल्लों में रंगों की फुहारें शुरू हो गई थीं. लोग झुंड बनाकर एक-दूसरे को रंग लगाते और होली की शुभकामनाएं देते नजर आए. रंगपंचमी पर होने वाली होली को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी सुबह से अलर्ट रहा और प्रमुख चौराहों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई.

रविवार को पांच दिवसीय रंगपर्व का रंगारंग समापन हो गया. रंगपंचमी को लेकर बच्चों में सुबह से ही उत्साह का माहौल था. बच्चे पिचकारियां और रंग लेकर घरों से बाहर निकल आए थे. बाल्टियों में रंग घोलकर वे वहां से गुजरने वाले लोगों को भिगोते नजर आए. रंगपर्व के आखिरी दिन उन लोगों ने भी जमकर होली खेली, जो पहले होली नहीं खेल पाए थे. इस दौरान घरों में छिपकर बैठे युवाओं को भी उनके मित्र बाहर निकालकर रंगों से सराबोर करते दिखाई दिए.

रंगपंचमी के अवसर पर महिलाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला. कई स्थानों पर महिलाओं ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं. कई क्षेत्रों में केसरिया होली का भी आयोजन किया गया, जिसमें अबीर-गुलाल से सराबोर हुरियारे सिर पर रंग-बिरंगी पगड़ी और चमकीली धोती पहनकर कमर में गुलाल की पोटली दबाए लोगों के साथ होली खेलते नजर आए.

पुराना बस स्टैंड, बड़ा बाजार चौराहा, जगदीश मंदिर चौराहा, मछली पुल, बडिय़ाखेड़ी, माता मंदिर चौराहा और राठौर चौराहा सहित कई स्थानों पर सुबह से ही हुरियारों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोग एक-दूसरे पर रंग-गुलाल उड़ाते रहे.

इधर रंगपंचमी पर हर वर्ष निकलने वाला पारंपरिक जुलूस इस बार भी नहीं निकाला गया. पिछले कुछ वर्षों से शहर में यह परंपरा लगभग समाप्त होती जा रही है. हालांकि कस्बा क्षेत्र में सिद्धपुर ओटला समिति और गल्ला मंडी के युवाओं ने इस परंपरा को जीवित रखते हुए रंगपंचमी पर भव्य चल समारोह निकाला.

सिद्धपुर ओटला समिति द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी रंगपंचमी पर शानदार चल समारोह निकाला गया, जिसमें वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। चल समारोह में शामिल युवाओं ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और होली के गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया. कस्बा स्थित छत्री घाट से प्रारंभ हुआ यह चल समारोह वाल्मीकि मोहल्ला, छीपा मोहल्ला, रामलीला स्टेज, नृसिंह मंदिर और निजामत होते हुए कलार मोहल्ला से तिलक पार्क पहुंचा. यहां सभी लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और रंगपर्व का उल्लासपूर्ण समापन किया. इसके अलावा शहर में भी दिन भर रंग- गुलाल लगाने का सिलसिला जारी रखते हुए युवाओं ने रंगपर्व का रंगारंग समापन किया.

चल समारोह का अनेक स्थानों पर हुआ स्वागत

बुधनी. रंगपंचमी पर सकल हिंदू समाज के तत्वाधान में चल समारोह निकाला गया. चल समारोह नगर के प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए बुधनी घाट स्थित चौराहे पर संपन्न हुआ. चल समारोह का जगह-जगह स्वागत किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं. नगर में उत्सव और रंगों का माहौल देखने को मिला. फायर ब्रिगेड से रंगों की बौछार आकर्षण का केन्द्र रही जिससे वातावरण पूरी तरह रंगमय हो गया. वहीं डीजे की धुन पर युवा और बच्चे जमकर नाचते-गाते नजर आए. चल समारोह में जनप्रतिनिधियों सहित नगरवासी शामिल हुए. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एसडीएम दिनेश तोमर, तहसीलदार ललित सोनी, एसडीओपी रवि शर्मा और सब इंस्पेक्टर संदीप जाट सहित पुलिस बल जुलूस के साथ मौजूद रहा. सांसद प्रतिनिधि अर्जुन मालवीय द्वारा नगरवासियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी.

 

Next Post

भक्ति के रंगों में सराबोर हुआ हनुमान धाम, ब्रज की तर्ज पर खेली गई फूलों की होली

Mon Mar 9 , 2026
इटारसी। रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर शहर के प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में अपनी आस्था अर्पित करते हुए ब्रज की तर्ज पर फूलों की होली खेली। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में भक्त […]

You May Like