अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल परिवहन के लिए गुप्त समुद्री गलियारा बनाया : रिपोर्ट

वाशिंगटन, 20 अगस्त (वार्ता) अमेरिका ने वैश्विक बाजारों में तेल की आपूर्ति बनाये रखने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर एक गुप्त समुद्री गलियारा स्थापित किया है, जिसके तहत अमेरिकी नेतृत्व वाले अभियान में हर रात 15 से 20 तेल टैंकर इस जलमार्ग से गुजर रहे हैं। ‘एक्सियोस’ की एक रिपोर्ट में इस अभियान से परिचित दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गयी।

रिपोर्ट के अनुसार, यह अभियान कई सप्ताह से जारी है और इसमें ओमान के तट के पास स्थित दक्षिणी मार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इस गलियारे के जरिये फिलहाल रोजाना करीब एक करोड़ बैरल तेल खाड़ी से बाहर निकाला जा रहा है, जो युद्ध से पहले इस जलडमरूमध्य से होकर होने वाले तेल परिवहन का करीब आधा है।

अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान से संघर्ष के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति में आये व्यवधान को कम करने में मदद मिली है। अमेरिकी सेना केवल तेल से लदे टैंकरों को जलडमरूमध्य से बाहर निकलने में सुरक्षा नहीं दे रही है बल्कि खाली टैंकरों को अरब सागर से फारस की खाड़ी में प्रवेश करने में भी मदद कर रही है। ये टैंकर क्षेत्रीय उत्पादकों से तेल लेकर वापस इसी जलमार्ग से बाहर निकलते हैं।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का संचालन उत्तरी कैरोलिना स्थित फोर्ट ब्रैग से एक टास्क फोर्स द्वारा किया जा रहा है और इसमें क्षेत्र के खाड़ी देशों के साझेदार भी सहयोग कर रहे हैं। हर रात जहाजों को अलग-अलग आने-जाने वाले काफिलों में संगठित किया जाता है और अमेरिकी सेना के निर्देश के अनुसार उन्हें दक्षिणी मार्ग से गुजरने को कहा जाता है।

अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना के लड़ाकू विमान भी इन जहाजों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं और उन्हें ईरानी ड्रोन तथा क्रूज मिसाइलों से बचाने में मदद कर रहे हैं। यह अभियान अमेरिकी सेंट्रल कमांड द्वारा चलाए गए दो सप्ताह के अभियान के बाद शुरू हुआ, जिसमें ईरान के रडार और समुद्री निगरानी प्रणालियों को निशाना बनाया गया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इससे दक्षिणी मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की निगरानी करने की तेहरान की क्षमता कम हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि ईरान अब सीमित संख्या में बहाल किए गए रडार सिस्टम और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर द्वारा संचालित छोटी नौकाओं पर तैनात निगरानीकर्मियों पर निर्भर है। इसके परिणामस्वरूप ईरानी बल बड़े पैमाने पर उन इलाकों की ओर ड्रोन और क्रूज मिसाइलें दाग रहे हैं, जहां उन्हें जहाजों के गुजरने की आशंका होती है।

अमेरिकी बलों ने इनमें से कई हमलों को रोकने का दावा किया है। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, अमेरिकी सेना ने इस सप्ताह की शुरुआत में आठ ईरानी ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलों को मार गिराया।

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल का प्रवाह धीरे-धीरे बढ़ा है और दैनिक निर्यात करीब एक करोड़ बैरल तक पहुंच गया है। हाल के कुछ दिनों में खाड़ी से रोजाना 1.5 करोड़ से दो करोड़ बैरल तक तेल बाहर ले जाए जाने का भी दावा किया गया है। ‘एक्सियोस’ ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हवाले से कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य से भारी मात्रा में तेल बाहर जा रहा है।”

श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका फिलहाल ईरान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है और आरोप लगाया कि तेहरान वार्ता में ‘समय बर्बाद’ कर रहा है। उन्होंने कहा, “ईरानियों में अब भी कुछ लड़ने की क्षमता बाकी है, लेकिन कुल मिलाकर वे अपनी पुरानी ताकत का एक खोल मात्र रह गये हैं।”

Next Post

वित्तीय अभिलेख नहीं सौंपने पर हेडमास्टर का वेतन रोका

Thu Aug 20 , 2026
सिंगरौली । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझौलीपाठ के प्रधानाध्यापक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य बुद्ध अगरिया के खिलाफ डीईओ कविता त्रिपाठी ने कड़ा कदम उठाते हुए वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई प्रभारी प्राचार्य के कार्यकाल के दौरान छात्रों से प्राप्त प्रवेश शुल्क एवं वित्तीय अभिलेख वर्तमान प्राचार्य […]

You May Like