इंदौर: तुकोगंज पुलिस ने ऑटो में छूटे 92 हजार रुपए नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग महज दो दिन में बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया. बैग में किसान की मेहनत की कमाई के साथ उसके बेटे के बी.एड. प्रवेश से जुड़े मूल दस्तावेज भी रखे थे.छिंदवाड़ा जिले के संवसर निवासी किसान युवराज बंसोड अपने 20 वर्षीय बेटे नितेश के साथ डीएवीवी कॉलेज में बी.एड. प्रवेश के लिए इंदौर आए थे.
भंवरकुआ से एमजी रोड तक ऑटो से आने के बाद उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया था. बैग में 92 हजार रुपए नकद और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज रखे थे. शिकायत मिलने पर तुकोगंज पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. लगातार दो दिन तक की गई जांच के बाद संबंधित ऑटो चालक का पता लगाया और उसके पास से बैग बरामद कर लिया. जांच में बैग में रखी पूरी नकदी और सभी दस्तावेज सुरक्षित मिले, जिन्हें किसान को वापस सौंप दिया.
किसान को वापस सौंप दिए
शिकायत मिलते ही टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऑटो चालक का पता लगाया. बैग सुरक्षित बरामद कर उसमें रखे 92 हजार रुपए और सभी मूल दस्तावेज किसान को वापस सौंप दिए.
जितेन्द्र सिंह चौहान, तुकोगंज थाना प्रभारी
