
जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार संजय गांधी उद्यान में संपन्न
नशा मुक्ति एवं टीबी मुक्त के लिए संजय गांधी उद्यान से पैदल रेली को सांसद श्री गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
मन्दसौर। स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘युवा दिवस’ के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संजय गांधी उद्यान मन्दसौर में हुआ। इसमें जिले के स्कूलो द्वारा सूर्य नमस्कार किया गया। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पूर्व विधायक सिसोदिया, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद, सीईओ जिला पंचायत राजेश कुमार जैन, योग गुरु द्वय सुरेन्द्र, बंशीलाल, पार्षद, जिला अधिकारी एवं स्कूलों के छात्र छात्राएं उपस्थिति थे। जिले के सभी विद्यालय, महाविद्यालय, शिक्षा संस्थान, पंचायतों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुआ।
मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण को सभी ने देखा और सुना। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। सामूहिक सूर्य नमस्कार के अवसर पर मध्य प्रदेश गान भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान जन गण मन हुआ।
स्वामी विवेकानन्द एक ऐसी प्रेरणा थे, जिनके विचार आज भी हम सब को ऊर्जा से भर देते हैं। जो व्यक्ति अपने आप पर भरोसा करता है, उसकी मदद ईश्वर भी करता है। प्रत्येक नागरिक को शरीर और मन से स्वस्थ होना चाहिये। शरीर को सशक्त बनाने का सबसे सशक्त माध्यम योग है। सूर्य नमस्कार और प्राणायाम करके योग के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वामी विवेकानन्द के बताये मार्ग पर चलना होगा। सूर्य नमस्कार और प्राणायाम को अपनाना होगा और स्वयं को समाज और देश के लिये कार्य करने के बड़े लक्ष्य से जोड़ना होगा। योग हमें अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। योग से जहां एक ओर स्वास्थ्य ठीक रहता है वहीं शारीरिक एवं मानसिक विकास भी होता है। योग से कई प्रकार की बीमारियों से भी मुक्ति मिलती है। सूर्य नमस्कार में योग के सभी आसनों का समावेश होता है।
नशा मुक्ति एवं टीबी मुक्त भारत अभियान का संदेश दिया गया। साथ ही सांसद बंशीलाल गुर्जर द्वारा शपथ दिलाई गई।
नशा मुक्ति एवं टीबी मुक्त के लिए संजय गांधी उद्यान से रेली का आयोजन किया गया। पैदल रेली संजय गांधी उद्यान से प्रारंभ होकर पुलिस कंट्रोल रूम, गुप्ता कचौरी चौराहा, बंटी चौराहा होते हुए संजय गांधी उद्यान में संपन्न हुई।
