नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अनीश अब्बासी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ का विस्तार हो रहा है, जिसमें महिलाओं की सहभागिता को प्रमुख रूप से देखा जा रहा है।
भाजपा की प्रदेश इकाई की ओर से सोमवार से पूरे प्रदेश में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई, जिसको लेकर पार्टी कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी तथा प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल की उपस्थिति में एक बैठक की गई। बैठक में कार्यक्रम के संयोजक आतिफ रशीद, अल्पसंख्यक मोर्चा दिल्ली प्रदेश प्रभारी कारी मोहम्मद हारून, अध्यक्ष अनीश अब्बासी के अलावा कई जिलों के अध्यक्ष तथा प्रदेश पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर श्री सिद्दीकी ने मुस्लिम समाज को वक्फ संशोधन कानून से मिलने वाले लाभ के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 05 मई तक मंडल स्तर पर इस जन जागरण अभियान का आयोजन किया जाएगा, ताकि विपक्ष द्वारा दिल्ली के लोगों को वक्फ संशोधन कानून को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को दूर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसी भी हालत में वक्फ बोर्ड को कमजोर नहीं करना चाहती है, बल्कि उसे लौह स्तंभ की तरह और मजबूत करना चाहती है, जिसके लिए कुछ संशोधन किए गए है और जिसे देश के मुसलमानों को धैर्य के साथ समझने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से देश के कई राज्यों में भाजपा सरकार वक्फ़ की सम्पत्तियों को कब्जे से मुक्त करवाएगी और गरीब, पिछड़े मुस्लिमों को उनका हक दिलवाने का काम करेगी। इसी कारण इन सम्पत्ति पर कब्जा जमाए बैठे लोगों पर नकेल कसने के लिए ही ये संशोधन कानून लाया गया है।
श्री जमाल ने कहा, “आने वाले समय में भारत में मुसलमानों का विकास होने से कोई रोक नहीं सकता, क्योंकि दुनिया में लोगों का भला करने के लिए अल्लाह अपना एक बंदा भेजता है और हमारे बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी अल्लाह के उसी बंदे के रूप में कार्य कर रहे हैं।”
इस मौके पर श्री मित्तल ने कहा कि वक्फ़ बोर्ड का मतलब भ्रष्टाचार का अड्डा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के चलते देश के मुसलमानों के अधिकारों की रक्षा करते हुए इस विधेयक को पारित करवाया, जिससे अब भ्रष्टाचारियों द्वारा कब्जाई जमीनें मुक्त हो सकेंगी और जरूरतमंदों के हितों में काम आ सकेंगी।
वहीं, श्री अब्बासी ने कहा कि श्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास का विस्तार हो रहा है, जिसमें महिलाओं की सहभागिता को प्रमुख रूप से देखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम मोदी जी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने वक्फ कानून को संशोधित करके देश के मुसलमानों को उनका हक दिलाने का काम किया है।”
