होबार्ट 13 दिसंबर (वार्ता) लिजेल ली (नाबाद 77) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर होबार्ट हरिकेंस महिला टीम ने शनिवार को खेले गये फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स महिला को 30 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हराकर वूमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2025 का पहला खिताब अपने नाम किया।
बैलेरीव ओवल में खेले गए फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स ने निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 137 रन बनाए। केटी मैक ने बेथ मूनी के साथ 5.4 ओवरों में 36 रन जुटाए। कैटी 21 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद बेथ मूनी ने मैडी डार्क के साथ दूसरे विकेट के लिए 12 रन जोड़े। कप्तान सोफी डिवाइन ने 29 गेंदों में (34), बेथ मूनी ने 26 गेंदों में (33) तथा फ्रेया केम्प ने 10 रन बनाये। पी स्कोफील्ड ने 22 गेंदों में नाबाद 27 रनों की पारी खेली। होबार्ट हरिकेंस महिला टीम के लिए लिंसी स्मिथ और हीदर ग्राहम ने 2-2 विकेट लिये जबकि लॉरेन स्मिथ ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी होबार्ट हरिकेंस ने महज 15 ओवरों में दो विकेट पर 141 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। लिजेली ली और डेनियल व्याट-हॉज की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवरों में 49 रन जोड़े। डेनियल 15 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद लिजेली ली ने नैट साइवर-ब्रंट के साथ दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़ते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। इसी दौरान 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर नैट साइवर ब्रंट आउट हो गई। नैट साइवर-ब्रंट 27 गेंदों में चार चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 35 रन बनाये। जबकि ली ने 44 गेंदों में चार छक्कों और 10 चौके लगाते हुए 77 रन की नाबाद पारी खेली। पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए लिल्ली मिल्स और एमी एडगर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
