असम विधानसभा चुनाव : मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जलुकबाड़ी से नामांकन भरा, शक्ति प्रदर्शन के साथ निकाली रैली

गुवाहाटी, 20 मार्च (वार्ता) असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। श्री सरमा ने नामांकन के दौरान कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी के सहारे वे आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री सरमा ने नामांकन से पहले खानापारा वेटरनरी मैदान से कामरूप (मेट्रो) के उपायुक्त कार्यालय तक एक विशाल रैली निकाली। इस रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते में समर्थकों का उत्साह देखने लायक था और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील भी की। श्री सरमा ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि जलुकबाड़ी की जनता उनके परिवार की तरह है और उनके आशीर्वाद से ही वह नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। उन्होंने अपनी मां के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि व्यस्तता के कारण भले ही वे उनके साथ अधिक समय नहीं बिता पाते, लेकिन उनकी मां का आशीर्वाद उन्हें लगातार असम की सेवा के लिए प्रेरित करता है।

श्री सरमा ने धार्मिक आस्था का भी उल्लेख किया और कहा कि मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से उन्होंने यह नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने इसे अपने जीवन की एक महत्वपूर्ण राजनीतिक यात्रा बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। श्री सरमा ने असम की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की सनातन परंपराओं और सभ्यता की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि उनका संकल्प है। साथ ही उन्होंने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य समाज को संगठित और मजबूत बनाए रखना है। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जलुकबाड़ी की “नारी शक्ति” इस अभियान में नई ऊर्जा भर रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं रैली में शामिल हुईं और उन्होंने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही हिमंता बिस्वा सरमा को जलुकबाड़ी सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। असम में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और सभी दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं।

Next Post

केरल में यूडीएफ गठबंधन की जीत निश्चित : राहुल

Fri Mar 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव में युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट-यूडीएफ गठंधन की जीत को निश्चित बताते हुए कहा है कि गठबंधन के सत्ता में आने के बाद वह राज्य सरकार के साथ मिलकर खूबसूरत केरल के निर्माण के लिए काम करेंगे। […]

You May Like