दमिश्क, 17 अक्टूबर (वार्ता) सीरिया के दक्षिणी प्रांत कुनेत्रा के गवर्नर ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र के डिसएंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स (यूएनडीओएफ) से क्षेत्र में इजरायल के कथित उल्लंघनों की निगरानी करने और उनका दस्तावेजीकरण करने का आग्रह किया। कुनेत्रा गवर्नरेट के अनुसार, गवर्नर गस्सान अल-सैयद अहमद ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों के अवर महासचिव जीन-पियरे लैक्रोआ के साथ बैठक के दौरान यह अपील की। सीरिया ने इजरायल से सीरियाई क्षेत्र से पीछे हटने, 1974 के समझौते का पालन करने और सीरिया की संप्रभुता का सम्मान करने की मांग भी की है।
गवर्नरेट ने बताया कि बैठक में प्रांत की सुरक्षा स्थिति, यूएनडीओएफ के अधिकार क्षेत्र और इजरायली गतिविधियों के स्थानीय निवासियों पर पड़ने वाले प्रभाव पर चर्चा हुई।
श्री अहमद ने कहा कि यूएनडीओएफ के अधिकार क्षेत्र के तहत उल्लंघनों का दस्तावेजीकरण करने से स्थानीय निवासियों की सुरक्षा में मदद मिल सकती है और उन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सकता है। यह बैठक कुनेत्रा में इजरायली सेना की लगातार घुसपैठ के बीच हुई है। इन गतिविधियों में छापेमारी, तलाशी, हिरासत में लेना और अस्थायी चौकियां स्थापित करना शामिल है। तेईस सितंबर को जारी संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में 1974 के सेना पृथक्करण समझौते के लगातार उल्लंघनों का उल्लेख किया गया था। इनमें पृथक्करण क्षेत्र में इजरायली सेना की मौजूदगी और उसकी गतिविधियां शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 12 अगस्त तक पृथक्करण क्षेत्र के सीरियाई हिस्से में इजरायली सेना 11 स्थानों पर मौजूद थी। 1974 में स्थापित यूएनडीओएफ सीरियाई और इजरायली सेनाओं के बीच संघर्षविराम तथा सैन्य पृथक्करण की निगरानी करता है। इसके कार्यकाल को जून में बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2026 तक कर दिया गया था।

