
आलीराजपुर । जिले में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान सोमवार को जनभागीदारी के नए उत्साह के साथ आगे बढ़ा। खेल मैदान से लेकर स्कूल परिसरों तक युवाओं और विद्यार्थियों ने रैली, मैराथन, क्रिकेट प्रतियोगिता, चित्रकला, रंगोली और मानव श्रृंखला के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। पूरे जिले में दिनभर चले कार्यक्रमों ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया।
कॉलेज ग्राउंड, आलीराजपुर में साइबर सेल द्वारा आयोजित नशा मुक्ति 2.0 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा युवाओं से खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर नशे से दूर रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अभियान का संदेश अंकित टी-शर्ट और कैप भी वितरित किए गए।
उधर थाना आजाद नगर ने बरझर स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास में विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। रैली और मैराथन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कठ्ठीवाड़ा, उदयगढ़, कोतवाली, सोण्डवा, जोबट और नानपुर थाना क्षेत्रों में भी विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
जोबट में आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का संदेश बुलंद किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
