
आलीराजपुर। बैतूल से स्थानांतरण होकर जिले में पदस्थ हुए नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश अतुलकर ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। औपचारिक बैठकों और कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहते हुए उन्होंने चार्ज संभालते ही मैदानी स्तर पर उतरकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखना शुरू कर दिया है। उनके इस सक्रिय और सख्त रुख से जिले की जनता में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
जोबट सहित तीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण
सीएमएचओ डॉ. अतुलकर ने जोबट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खट्टाली एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उबलड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैथोलॉजी लैब, मेटरनिटी वार्ड, एक्स-रे यूनिट, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, वार्ड रजिस्टर, मरीज अभिलेख एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं ओपीडी में आने वाले मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता एवं स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर सीबीएमओ डॉ. विजय बघेल, डॉ. नरेंद्र मोरी सहित संबंधित स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
मिशन सुरक्षित मातृत्व पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. अतुलकर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, अस्पतालों में स्वच्छता बनाए रखने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के सख्त निर्देश दिए।
