बड़वानी: प्रभारी कलेक्टर काजल जावला ने शनिवार महिला एवं नवजात शिशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधार करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी कलेक्टर ने मेन ओपीडी, नवजात शिशु इकाई, मदर वार्ड, लेबर रूम, शिशु रोग कक्ष, मॉड्यूलर ओटी, प्रसुति विंग, पोस्ट लेबर वार्ड, एनआरसी आदि का निरीक्षण किया।
प्रभारी कलेक्टर ने नवजात शिशु इकाई में जाकर चिकित्सीय उपकरणों और सुविधाओं की स्थिति एवं कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली तथा स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर प्रक्रिया को समझा। नवजात शिशुओं को उचित और सुरक्षित देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
साथ ही चिकित्सालय में समुचित बेड व्यवस्था, फायर एक्जिट व्यवस्था, मरीज के लिए संचालित की जाने वाली लिफ्ट व्यवस्था, वॉशरूम की मरम्मत, लांड्री व्यवस्था, चिकित्सालय एवं परिसर में साफ-सफाई, मरीजों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने एवं समुचित रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ अंनीता सिंगारे एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित था।
