
ब्यावरा। जिले भर में बारिश का दौर लगातार जारी है. इस अनवरत् बारिश ने आमजन को कई परेशानियां के बीच चाड़ा कर दिया है. नगर में बीते छ: दिनों में 25 इंच बारिश दर्ज की गई है. इससे जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. मंगलवार को भी पूरे दिन बारिश होती रही. ब्यावरा में जुलाई माह के 18 दिन में 53 इंच रिकार्ड बारिश दर्ज की गई.
अब तक के इतिहास में जुलाई माह में अभी तक की सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई है. विदित है कि जुलाई माह में ही इस बार औसत से कहीं अधिक बारिश होकर बारिश का कोटा पूरा हो गया है. जुलाई माह में इतनी अधिक रिकार्ड बारिश होना अपने आप में आश्चर्यचकित करने वाला है. ब्यावरा में 29 जुलाई की सुबह 8 बजे तक 1546 एमएम और सायंकाल तक करीब 1650 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है. जुलाई के 18 दिनों में 1337.42 एमएम अर्थात 53 इंच और पिछले 24 से 29 जुलाई के बीच 25 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है.
जुलाई माह में यह रही बारिश की स्थिति
वर्षामापी केन्द्र के अनुसार ब्यावरा में जुलाई माह में हुई बारिश का आंकड़ा इस प्रकार है. 2 जुलाई को 107.02 एमएम बारिश, 3 को 56.02, 6 को 57, 8 को 75.02, 10 को 33.02, 12 को 75.02, 13 को 86.03, 14 को 22.04, 17 को 4.02, 18 को 45, 19 को 31.04, 22 को 61.04, 24 को 75.01, 25 को 45.02, 26 को 144, 27 को 34.04, 28 को 186.04 तथा 29 जुलाई को 151.04 एमएम बारिश दर्ज हुई.
इस प्रकार मंगलवार प्रात: 8 बजे तक कुल बारिश 1546 एमएम हो गई है जो कि औसत बारिश 1100 एमएम के आंकड़े से कहीं अधिक ऊपर जा पहुंची है.
जन जीवन पूरी तरह हो रहा प्रभावित
तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. कामकाज, व्यवसाय प्रभावित होने लगा है. इससे सर्वाधिक प्रभावित वह लोग हो रहे है जो रोजाना काम की तलाश में निकलते है और छोटा-मोटा काम, मजदूरी करके अपना गुजर बसर करते है, सतत् बारिश होने से इन लोगों को काम नहीं मिल पाने से इनके समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो रही है.
