
उज्जैन। सरकारी जमीन पर लगे यूकोलिप्टिस के 38 पेड़ काटकर चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त आयशर के साथ 50 टन लकड़ी बरामद की गई है।
इंगोरिया थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर सडक़ किनारे लगे यूकोलिप्टिस के 38 पेड़ अज्ञात बदमाशों ने काटकर चोरी कर लिये थे। 20 जनवरी को मामले की जानकारी सामने आई तो नायब तहसीलदार संग्रामसिंह चौधरी टप्पा इंगोरिया ने मामले की शिकायत थाने पहुंचकर दर्ज कराई। थाना प्रभारी दिपेश व्यास ने बताया कि मामले में पेड़ काटकर अज्ञात लकड़ी चोरी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई, 3 दिनों की तलाश के बाद ग्राम मतांगना के रहने वाले शहजाद पिता छोटे खां पठान, भय्यू पिता रसुलअली, सोहेल पिता हाफिज और विक्रम पिता राजाराम को हिरासत में लिया गया। चारों से सख्त पूछताछ में सामने आया कि उन्होने 17 जनवरी की रात पेड़ काटकर आयशर क्रमांक एमपी 13 जीबी 6145 में रख चोरी की थी। पुलिस ने कटे पेड़ों की लकड़ी और आयशर बरामद करने के प्रयास किये। चारों ने शहजाद के खेत में चुराई लकड़ी छुपाकर रखना बताया। पुलिस टीम ने खेत पहुंच कर 50 टन लकड़ी के साथ चोरी में प्रयुक्त आयशर जप्त कर ली।
एएसआई दिनेश निनामा ने बताया कि चोरों का मकसद चुराई लकड़ी बेचकर मुनाफा कमाने का था। उनका अपराधिक रिकार्ड पता करने पर सामने नहीं आया। चारों पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आये है। चारों को कोर्ट में में पेश किया था। जहां से जमानत मिलने पर चारों को रिहा किया गया है। बरामद चोरी का मश्रुका 7 लाख कीमत का सामने आया है।
