सतना: जिले के नागौद क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया जब तेज रफ्तार बाइक के गाय से टकरा जाने के कारण उस पर सवार युवक की मौत हो गई. इसके साथ ही कचनार मोड़ के निकट सब्जी लदी जीप और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.प्राप्त जानकारी के अनुसार नागौद क्षेत्र में स्थित फुटबाल मैदान के निकट से एक बाइक सवार गुजर रहा था. बताया गया कि बाइक तेज रफ््तार थी और सडक़ पर अचानक एक गाय आ गई. सडक़ पर अचानक गाय आ जाने से बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिली.
लिहाजा देखते ही देखते बाइक गाय से जा टकराई. इस घटना की वजह से एक ओर जहां गाय बुरी तरह घायल हो गई वहीं दूसरी ओर बाइक सवार युवक गंभीर तौर पर घायल होकर बेसुध हो गया. घटना होती देख आस पास मौजूद लोगों द्वारा घायल युवक को उपचार के लिए नागौद स्थित अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक उपचार के बाद युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन उपचार के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका. मृ़तक युवक की पहचान मनीष तोमर पिता लल्ला तोमर के तौर पर हुई. इस घटना की जानकारी सामने आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.
जीप से भिड़ी कार
जिले के नागौद क्षेत्र में कचनार मोड़ के निकट बुधवार की सुबह एक और हादसा तब सामने आया जहब एक कमांडर जीप और कार के बीच आमले-सामने से जोरदार भिडं़त हो गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि जीप और कार दोनों का बोनट वाला हिस्सा एक दूसरे में समा गया. इस घटना की वजह से जीप और कार में सवार लोग घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं दूसरी ओर जीप में लदी सब्जियां सडक़ पर बिखर गईं.
दो ट्रक टकराए
सतना चित्रकूट मार्ग पर कोठी क्षेत्र अंतर्गत थाड़ी पत्थर के निकट दो ट्रक आमने सामने से टकरा गए. हलांकि इस दुर्घटना के चलते दोनों ट्रक चालकों को हल्की चोटें ही आईं. लेकिन इसकी वजह से सतना चित्रकूट मार्ग बाधित हो गया. देखते ही देखते मार्ग के दोनों ओर काफी संख्या में वाहनों की लाइन लग गई. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को किनारे करवाकर जाम खोलने का प्रयास शुरु किया गया
