
इंदौर. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अलीराजपुर के पूर्व जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला आगे बढ़ाते हुए इंदौर की विशेष अदालत (पीएमएलए) में अभियोजन शिकायत पेश की है. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने आरोपी को नोटिस जारी किया है.
ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार भोपाल जोनल कार्यालय की जांच लोकायुक्त पुलिस, इंदौर द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले के आधार पर शुरू हुई थी. जांच में सामने आया कि आबकारी विभाग में पदस्थ रहने के दौरान धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पर अपनी ज्ञात वैध आय के मुकाबले कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी ने कथित अवैध धन को अपने साथ साथ परिवार के सदस्यों के नाम पर चल अचल संपत्तियों में निवेश कर उसकी वास्तविक प्रकृति छिपाने और उसे वैध संपत्ति के रूप में दर्शाने का प्रयास किया.
जांच के दौरान ईडी ने करीब 18.20 करोड़ रुपए की संपत्ति को अपराध से अर्जित आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) के रूप में चिन्हित किया. इससे पहले एजेंसी इस संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क भी कर चुकी है. कुर्क की गई संपत्तियों में नकदी, सोना चांदी, अचल संपत्तियां तथा अन्य मूल्यवान परिसंपत्तियां शामिल हैं.
