ग्वालियर: थाना मुरार पुलिस ने पुराने विवाद पर गाली-गलौज कर देशी पिस्टल से फायर करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस जप्त किया गया है।फरियादी अनुराग किरार निवासी वंशीपुरा मुरार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त को वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी नज्जू खान अपने साथी रवि श्रीवास उर्फ गौरा के साथ मोटरसाइकिल पर आया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर नज्जू खान ने पिस्टल निकालकर तीन-चार फायर किए, जिससे फरियादी बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर उसकी मां और चाची बाहर आईं तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट पर थाना मुरार में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर मध्य/यातायात सुजावल जग्गा को आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिए। सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मैना पटेल ने टीम गठित की। 24 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महेशपुरा चौराहा मुरार से दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नजरुद्दीन उर्फ नज्जू पुत्र कमरुद्दीन खान उम्र 28 वर्ष निवासी वंशीपुरा मुरार और रवि सेन पुत्र मुकेश सेन उम्र 26 वर्ष निवासी गोल पहाड़िया शंकर कॉलोनी ग्वालियर बताया। दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी मैना पटेल, उनि जयकिशोर राजोरिया, आरक्षक जसवीर गुर्जर, राहुल जाट, संजय गुर्जर, देवेन्द्र साहू, सतेन्द्र तोमर और क्राइम ब्रांच के आरक्षक अभिषेक यादव की भूमिका रही।
