नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) एयर इंडिया ने आगामी शीतकालीन मौसम के अपने कार्यक्रमों के तहत ब्रिटेन के लिए इस माह की 26 तारीख से दिल्ली और लंदन (हीथ्रो) के बीच चौथी दैनिक उड़ान शुरू करने की गुरुवार को घोषणा की है।
कंपनी ने गुरुवार को कहा कि इस अतिरिक्त उड़ान से इस शीतकाल में लंदन के लिए एयर इंडिया की कुल उड़ानों की संख्या सप्ताह में 24 से बढ़कर 28 हो जाएगी। इस नयी सेवा से दिल्ली और लंदन (हीथ्रो) के बीच उसकी सेवा में प्रति सप्ताह और 1,196 सीटें सुलभ होंगी।
एयर इंडिया ने कहा है कि इस उच्च माँग वाले मार्ग पर वह सभी उड़ानों में नए एयरबस ए350-900 और बोइंग 787-9 विमानों का परिचालन करती है।
एयर इंडिया भारत और ब्रिटेन के बीच सबसे ज्यादा विमान सेवा प्रदाता कंपनी है, जो सप्ताह में 61 उड़ानों का परिचालन करती है जिनमें प्रति सप्ताह (एक दिशा में) 18,066 सीटें उपलब्ध करायी जाती है। इस तरह कंपनी की ओर से दोनों देशों के बीच विभिन्न मार्गों पर सालाना लगभग 17 लाख सीटें उपलब्ध हैं। एयर इंडिया पांच भारतीय शहरों (दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और अमृतसर) को ब्रिटेन के तीन स्थानों, अर्थात् लंदन (हीथ्रो), लंदन (गैटविक) और बर्मिंघम से जोड़ती है।
