
छिंदवाड़ा. जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों को अपनी जान गवानी पड़ गई वहीं दो व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धरमटेकड़ी चौकी अंतर्गत नरसिंहपुर मार्ग पर सारना के समीप मंगलवार की रात 9.30 बजे तेज रफ्तार टै्रक्टर ने बाइक सवार दीपक पिता जानदास कोलारे 30 वर्ष निवासी चारगांव प्रहलाद को टक्कर मार दी. दीपक अपनी बाइक से अपने घर चारगांव प्रहलाद जा रहा था, मुल्लू बाबा मंदिर के समीप वह हादसे का शिकार हो गया. युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई. दूसरा घटना भी मंगलवार रात 9 बजे की है मोहखेड़ थाना अंतर्गत बदनूर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार रवि विश्वकर्मा निवासी लोहारढाना उमरेठ को टक्कर मार दी, इस दौरान रवि के साथ ही उसकी पत्नी भी थी. इस हादसे में रवि की मौके पर मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
पिकअप पलटने से चालक घायल
तामिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार सुबह करीब 9 बजे नैनो मंदिर कुआं बादला के समीप यूरिया से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में वाहन चालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा. उक्त बात की सूचना मिलने पर तामिया पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे चालक को निकालकर उसे अस्पताल पहुंचा दिया जहां उसका उपचार चल रहा है.
