नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) वित्त जगत के समाचार और विश्लेषण देने वाली वैश्विक पत्रिका ग्लोबल फाइनेंस मैगजीन ने वर्ष 2026 के लिए ‘विश्व का सर्वश्रेष्ठ कंज्यूमर बैंक’ घोषित किया है। देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंको को लगातार दूसरे वर्ष यह प्रतिष्ठित वैश्विक पुरस्कार मिला है। ग्लोबल फाइनेंस मैगजीन ने इस बैंको वर्ष 2026 के लिए ग्लोबल फाइनेंस मैगजीन का ‘भारत का सर्वश्रेष्ठ बैंक’ भी घोषित किया है। यह सम्मान बैंक के डिजिटल नवाचार, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा और समावेशी विकास के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता के लिए दिया गया है। ये पुरस्कार बैंकाक में -विश्वबैंक- वैश्विक मुद्राकोष की वार्षिक बैठक के दौरान प्रदान किए गए।
बैंक के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी ने कहा: ” एसबीआई के लिए ये पुरस्कार अत्यंत गर्व का विषय हैं। लेकिन इनका महत्व इससे भी कहीं अधिक है, क्योंकि ये इस बात को मान्यता देते हैं कि जब किसी राष्ट्रीय संस्थान की व्यापक क्षमता का मेल देश की आकांक्षाओं से होता है, तो क्या कुछ हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने कहा, ‘ मैं देशभर में तथा 29 देशों में सेवाएं प्राप्त कर रहे हमारे 50 करोड़ ग्राहकों और एसबीआई परिवार की ओर से कृतज्ञतापूर्वक इन पुरस्कारों को स्वीकार करता हूं।” बैंक की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसने डिजिटल नवाचार, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा और वित्तीय समावेशन में निरंतर निवेश करके अपने ग्राहक आधार और सेवाओं को मजबूत किया है। इस दौरान नया योनो प्लेटफॉर्म, इस प्लेटफार्म पर पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 करोड़ के पार पहुंच गई। एसबीआई ने इस दौरान देशभर में 300 से अधिक नई शाखाएं खोलीं।

