नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयुक्तों को मिले विशेष कानूनी संरक्षण पर सवाल उठाते हुए इसे मताधिकार और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करार देते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त करने के लिए उन्होंने देश के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का समय मांगा है।
श्री खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत को पत्र लिखकर सोमवार को शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान वह मुख्य न्यायाधीश के सामने अपनी चिंताएं रखेंगे और उनसे हस्तक्षेप का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश में अराजकता और अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि युवा आंदोलन के दौरान करीब 32 हजार पुलिसकर्मियों और 7,500 सुरक्षा बलों जवानों की तैनाती से पता चलता है कि सरकार युवाओं के आंदोलन से कितनी डरी है। सड़कों को बंद किया गया, संचार सेवाएं बाधित की गयीं, हवाई अड्डे तक पहुंच सीमित की गयी और मोबाइल नेटवर्क बंद किए गए। ये कदम दर्शाते हैं कि सरकार देश में संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने देना नहीं चाहती।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, लेकिन उसे स्वतंत्र रूप से निर्णय नहीं लेने दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आयोग के दो सदस्यों ने उसके कामकाज और कथित अनियमितताओं को उजागर किया है लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
श्री खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र और राज्यों में सरकारें बनाने के लिए वोट चोरी की गई है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने 2023 में ऐसा कानून बनाया, जिसके जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को विशेष कानूनी संरक्षण दिया गया। उनका कहना था कि यह चिंता की बात है कि चुनाव आयुक्तों को ऐसा संरक्षण क्यों दिया गया, जो राष्ट्रपति और देश के मुख्य न्यायाधीश को भी प्राप्त नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को गलतियों के लिए जवाबदेही से छूट देना जनता के मताधिकार और लोकतंत्र के साथ धोखाधड़ी की साजिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
Next Post
दिल्ली में दूसरे दिन CJP प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, नेहा बोरा समेत कई हिरासत में
Sun Oct 11 , 2026
नई दिल्ली। SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और जंतर-मंतर पर सात स्तर की बैरिकेडिंग […]

You May Like
-
3 months ago
शहर में उपचारित पानी की अधिकतम उपलब्धता करें
