
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फाइलिंग मैनेजमेंट मॉड्यूल (ई-फाइलिंग) की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही जीवाजी विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय बन गया है, जहां सभी फाइलें और नोटशीट पूरी तरह ऑनलाइन संचालित होंगी। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने किया।
ई-फाइलिंग व्यवस्था लागू होने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही में वृद्धि होगी। अब तमाम फाइलें डिजिटल माध्यम से ही संचालित होंगी और डिजिटल रूप में ही मान्य की जाएंगी। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राजपूत ने आईटी सेल के प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दीं।
*कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण:* इस प्रणाली के शुभारंभ से पहले आईटी सेल द्वारा सभी सहायक कुलसचिवों (एआर), अनुभाग अधिकारियों, शाखा प्रभारियों और संबंधित कर्मचारियों को ई-फाइलिंग प्रणाली का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र के पश्चात कुलगुरु ने स्वयं कंप्यूटर पर बैठकर ऑनलाइन फाइलिंग व्यवस्था का शुभारंभ किया और एक फाइल की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, सहायक कुलसचिव कुलदीप चौहान, अमित सिसोदिया, आईटी सेल प्रभारी एच.के. द्विवेदी, मयंक भावनानी, ऋषि पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।
