Trump on Brazil Election 2026: वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का दावा किया है। लूला डा सिल्वा की जीत पर फ्लेवियो बोल्सोनारो ने भी सवाल उठाए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ब्राजील में हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि मैनें चुनाव में किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन दुनिया के सामने यह खराब तस्वीर पेश करता है। चुनाव ऐसे होने चाहिए जिसपर कोई सवाल न उठा सके। ब्राजील में राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा को लगातार दूसरी बार जीत मिली है।
रविवार को सामने आए नतीजों में चुनावी नजीजों में लूला डा सिल्वा ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और लिबरल पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फ्लेवियो बोल्सोनारो को हराकर लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव जीता है। लूला ब्राजील में अगले साल जनवरी में अपने चौथी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।
ट्रंप ने ब्राजील चुनाव को लेकर क्या कहा?
हाल ही में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पत्रकारों ने ब्राजील के चुनाव और लूला डा सिल्वा की जीत को लेकर सवाल किए। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि ब्राजील के चुनाव में धांधली हुई है। उन्हें इसे देश के लिए हानिकारक बताया।
ट्रंप ने आगे कहा कि यह मुझे बहुत बुरा लगा, मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन सच कहूं तो यह एक और रग्ड चुनाव जैसा लग रहा था। यह दुनिया के लिए बहुत बुरा था। ट्रंप साफ तौर पर फ्लेवियो की जीत की उम्मीद कर रहे थे, जिन्होंने वाशिंगटन के साथ नजदीकियां बढ़ा रहे कंजर्वेटिव लैटिन अमेरिकी नेताओं की लहर में शामिल होने का वादा किया था।
अमेरिका के लिए चुनाव लड़ रहा हूं: ट्रंप
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ब्राजील के नतीजे पर कोई एक्शन लेने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने मना कर दिया। ट्रंप ने कहा, मैं ब्राजील के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका के लिए चुनाव लड़ रहा हूं।
फ्लेवियो ने नजीतों पर क्या कहा?
फ्लेवियो बोल्सोनारो ने चुनावी नतीजों को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लूला के कहने पर, कुछ शहरों में ट्रांसपोर्ट की दिक्कतों की वजह से पोलिंग दो घंटे बढ़ाया गया इस दौरान गड़बड़ी की गई। उन्होंने यह आदेश पारित करने वाले सुप्रीम कोर्ट के जज पर भी लूला से सांठगांठ का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि जिस जज ने यह आदेश पारित किया वह पहले लूला के परिवार का वकील रह चुका है। हालांकि मतदान का समय बढ़ाने की मांग सुप्रीम कोर्ट से लूला और फ्लेवियो बोल्सोनारो दोनों ने ही की थी।
लूला की जीत पर क्यों उठ रहे सवाल
राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा की जीत को लेकर सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि पहले दौर के नतीजों में लूला फ्लेवियो से चुनाव हार गए थे। ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव दो चरणों में होते हैं। यदि पहले चरण में किसी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से अधिक वैध वोट मिल जाते हैं तो उसे विजेता मान लिया जाता है। लेकिन अगर पहले चरण में किसी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत न मिलने पर दूसरे चरण के लिए मतदान करवाया जाता है।
अक्टूबर 2026 में हुए चुनाव के पहले चरण में लूला फ्लेवियो से पिछड़ गए थे। हालांकि दोनों को ही 50 प्रतिशत मत नहीं मिले थे। हालांकि पहले चरण के नतीजों को देखते हुए फ्लेवियो की जीत पक्की मानी जा रही थी। लेकिन दूसरे चरण में लूला ने कमाल करते हुए न सिर्फ फ्लेवियो को पीछे छोड़ा बल्कि 51.79 प्रतिशत वोट हासिल करते हुए लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव अपने नाम किया।
