
नीमच। जिले के जावद स्थित उपजेल परिसर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। उपजेल परिसर के शासकीय आवास में रहने वाली एक महिला जेल कर्मचारी की नाबालिग बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजनों और जेल स्टाफ ने उसे तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अपनी मां कविता, जो जावद उपजेल में कर्मचारी के रूप में पदस्थ हैं, के साथ उपजेल परिसर स्थित शासकीय आवास में रहती थी। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे उसकी मां उपजेल कार्यालय में अपनी नियमित ड्यूटी पर थीं, जबकि नाबालिग घर पर अकेली थी।
छोटी बहन ने देखा तो मच गई अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद जब मृतका की छोटी बहन घर पहुंची तो उसने अपनी बहन को कमरे में फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तुरंत उपजेल कार्यालय पहुंचकर अपनी मां को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महिला कर्मचारी, जेल स्टाफ और अन्य लोग तत्काल शासकीय आवास पहुंचे।
अस्पताल ले गए, लेकिन नहीं बच सकी जान
परिजनों और जेल कर्मचारियों की मदद से नाबालिग को फंदे से नीचे उतारा गया और तत्काल उपचार के लिए जावद के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाबालिग ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, परिजनों के बयान तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
