नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में की गयी भारी कमी से गरीबों और मध्यम वर्ग को बहुत राहत मिलेगी।
श्री शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश की जनता से वादा किया था, उसे उन्होंने पूरा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों की स्लैब कम करने और दवाओं, खाद्य वस्तुओं तथा अनेक आवश्यक वस्तुओं पर कर शून्य करने और कई वस्तुओं पर करों की दरों में भारी कमी से गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, लघु उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को भारी राहत मिलेगी।
श्री शाह ने कहा कि कर ढांचे को आसान बनाने और आम नागरिकों पर करों का बोझ कम करने से न केवल जीवन आसान होगा बल्कि व्यापार करने में भी सहूलियत होगी। इन सुधारों से छोटे व्यापारियों और उद्यमियों का कारोबार बहुत आसान हो जायेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारत के लिए वास्तव में परिवर्तनकारी साबित होंगे।
गौरतलब है कि कल रात जीएसटी परिषद ने करों के मुख्य स्लैब को चार से घटाकर दो कर दिया है और बड़ी संख्या में आवश्यक वस्तुओं पर करों की दर शून्य कर दी गयी है। कई वस्तुओं पर करों की दर घटा दी गयी है।
